श्री अमरनाथ यात्रा पर असमंजस अब दूर हो रहा है। बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए पवित्र यात्रा 20 जुलाई से आरंभ हो सकती है और यह पहले से प्रस्तावित 3 अगस्त को सावन की पूर्णिमा पर समाप्त हाेगी। अभी पंजीकरण और अन्य प्रक्रिया तय नहीं हुई है और श्राइन बोर्ड जल्द इस पर फैसला ले सकता है। इसी सप्ताह प्रस्तावित बैठक में श्राइन बोर्ड यात्रा के प्रारूप पर मुहर लगा सकता है। यहां बता दें कि पहले यह यात्रा 23 जून से आरंभ होनी थी और पहली अप्रैल से ही एडवांस पंजीकरण आरंभ होना था। कोराना संकट के कारण प्रशासन ने यह पंजीकरण लगातार टाला जा रहा था। इस समय चुनौती है कि बर्फ हटाने का कार्य भी अब तक आरंभ नहीं हो पाया है।
श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उपराज्यपाल जीसी मुर्मु और बोर्ड के अधिकारियों से भी मुलाकात की है। इनमें से अधिकतर संगठनों का आग्रह है कि यात्रा पहली जुलाई से शुरू की जाए। हालांकि इस पर सहमति नहीं बन पाई और बाद में लगभग तय किया गया कि इसे 20 जुलाई के आसपास आरंभ किया जा सकता है।
बताया कि इस साल तीर्थयात्रा लगभग 42 दिन की तय की गई थी। अब उसे घटाकर यात्रा का समय 15 दिन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहलगाम के रास्ते पवित्र गुफा तक विभिन्न जगहों पर बर्फ को इतनी जल्द हटाना मुश्किल है, क्योंकि इस समय श्रमिकों की कमी है और मौसम भी बाधा बन रहा है। ऐसे में बालटाल से पवित्र गुफा तक के मार्ग को जल्द साफ किया जा सकता है और इस मार्ग पर कई जगह बर्फ पिघल चुकी है।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी पोस्ट करें